
एनसीपी की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार मुंबई पहुंच चुकी हैं और राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ आने की पूरी संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें महाराष्ट्र की नई और पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है।राज्य मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने जानकारी दी कि शनिवार दोपहर मुंबई में एनसीपी विधायक दल की अहम बैठक होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार के नाम पर औपचारिक मुहर लगाई जा सकती है। बैठक के बाद शाम तक शपथ ग्रहण समारोह होने की भी संभावना जताई जा रही है।इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा,“उपमुख्यमंत्री पद को लेकर जो भी निर्णय एनसीपी लेगी, सरकार उसका पूरा समर्थन करेगी।
हम अजीत दादा के परिवार और पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।”सुनेत्रा पवार हाल ही में उस वक्त सुर्खियों में आई थीं जब उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 में बारामती सीट से अपनी भाभी और एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें हार मिली, लेकिन इसके बाद राज्यसभा में एंट्री ने उनकी राजनीतिक भूमिका को और मजबूत किया।अब सबकी नजरें आज की बैठक पर टिकी हैं।अगर फैसला उनके पक्ष में जाता है, तो सुनेत्रा पवार न सिर्फ सत्ता में नई भूमिका निभाएंगी, बल्कि महाराष्ट्र के राजनीतिक इतिहास में भी नया अध्याय जोड़ेंगी।